नए खेल सत्र में ताजनगरी की हॉकी भी नए रूप में दिखाई देगी। जिला हॉकी संघ की ओर से जारी होने वाले कैलेंडर में जिला स्तर के कई टूर्नामेंट दिखेंगे। अहम बात यह है कि एक साल में कम से कम संघ की ओर से सत्र 2019-20 में जिला स्तर के छह बड़े टूर्नामेंट आयोजित कि जाएंगे। फाइव ओ साइड हॉकी चैंपियनशिप को अधिक प्राथमिकता दी जा रही है।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के हॉकी खिलाड़ी भी समय-समय पर प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए खिलाड़ियों के लिए हॉकी सेशन भी कराए जाएंगे। साथ ही संघ की कोशिश रहेगी कि स्क्रीन के माध्यम से खिलाड़ियों को हॉकी की बारीकियां भी सिखाई जाएं। इसके अतिरिक्त हॉकी को प्रमोट करने के लिए समय-समय पर फ्रेंडली मैच आयोजित कराने पर भी विचार किया जा रहा है।
स्कूलों के मध्य हॉकी टूर्नामेंट भी कैलेंडर में इस बार दिखाई देंगे। इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को ‘द बेस्ट हॉकी स्कूल टीम के अवार्ड’ से नवाजा जाएगा। इस महीने नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर के पहले हफ्ते में संघ की ओर से हॉकी चैंपियनशिप भी प्रस्तावित हो चुकी है।
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष राजीव सोई ने बताया कि जिला हॉकी संघ की कोशिश है कि शहर में हॉकी के स्तर को ऊंचा किया जाए। इसके लिए समय-समय पर हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे। फाइव ओ साइड हॉकी के मैच भी कराएं जाएंगे।
एस्ट्रो टर्फ पर प्रतिभा दिखाएंगे नए खिलाड़ी
एक महीने पहले खेल मंत्री चेतन चौहान ने भारत के पहले एस्ट्रो टर्फ का उद्घाटन किया था। उस समय शहर के खिलाड़ियों को लगा कि शहर में हॉकी की तस्वीर बेहतर होती दिखाई देगी। इसके बाद से ही लगातार इस बात पर जिला हॉकी संघ विचार कर रहा था कि हॉकी एस्ट्रो टर्फ का उपयोग शहर के हॉकी खिलाड़ी करें। इसलिए संघ ने यह भी ध्यान रखा है कि ज्यादा से ज्यादा मैच एस्ट्रो टर्फ पर ही हों।