मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की 24 मार्च से होने जा रही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सामग्री जिले में पहुंच गई। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय से बृहस्पतिवार को प्रवेश पत्र और परीक्षा सामग्री का वितरण शुरू कर दिया गया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से बुधवार की रात परीक्षा सामग्री और प्रवेश पत्र डीआईओएस कार्यालय पर पहुंच गए थे। डीआईओएस मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी, नामावली, अवार्ड शीट, डेस्क स्लिप और अन्य परीक्षा सामग्री प्राप्त हुई है। बृहस्पतिवार को 300 से अधिक कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने इन्हें प्राप्त कर लिया। डीआईओएस ने कहा कि जिन प्रधानाचार्यों ने परीक्षा सामग्री प्राप्त नहीं की है वे शीघ्र प्राप्त कर लें। संवाद
मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षाओं की निगरानी लखनऊ से की जाएगी। इसके लिए कलक्ट्रेट और लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम को जोड़ दिया गया है। कंट्रोल रूम से लगातार केंद्रों का ट्रॉयल चल रहा है। बृहस्पतिवार को कई केंद्रों के कैमरे बंद मिलेे।
24 मार्च से शुरू होने जा रहीं परीक्षाओं की निगरानी के लिए लखनऊ और कलक्ट्रेट पर बने कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों पर लगे कैमरों को जोड़ा गया है। जिन परीक्षा कक्ष का दृश्य साफ नजर नहीं आ रहा है वहां कैमरे बदलवाने के निर्देश दिए हैं। कुछ कॉलेजों पर आईपी आईडी से कैमरों को जोड़ तो दिया है लेकिन लोकेशन शो नहीं हो रही है। ऐसे केंद्रों पर विशेष ट्रायल किया जा रहा है। डीआईओएस मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक सुनिश्चित करें कि उनके यहां लगे कैमरे सही कार्य कर रहे हैं। दिक्कत हो तो 23 मार्च से पहले दुरुस्त करा लिया जाए। बताया कि कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम को लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। संवाद