मथुरा के राया में शुक्रवार की रात शादी समारोह में शामिल होने आए रिश्तेदारों में कोल्डड्रिंक के रुपयों को लेकर हुई कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव हो गया। ईंट, पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी गयीं। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लठियाया तब मामला शांत हुआ। एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना राया क्षेत्र के गांव सोनई में शाहिद पुत्र शरीफ की दो भतीजियों की शादी में मामा पक्ष से कोल्डड्रिंक के रुपयों को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से पथराव होने लगा। उपद्रव होते देख लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया। रास्ते पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर एसपी (देहात) त्रिगुन विसेन, क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह, प्रभारी निरीक्षक अजय किशोर, थाना महावन व थाना बलदेव और चौकी बिचपुरी का फोर्स पहुंच गया। पुलिस के लठियाने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने मौके से कलुआ, शाहिद, बिलाल, शेर मोहम्मद, सोहेल, जाहिद, पप्पू, सम्मो, चंदा, वकील, हरिओम शर्मा, अकरम को गिरफ्तार कर लिया।
शाहिद, राजिश और तालीफ़ मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस तीनों की तलाश कर रही है। पथराव में यूनिस, परवेज, नदीम, हदीम सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें - UP: मथुरा के इस मंदिर में जारी हुआ ड्रेस कोड, अमर्यादित कपड़े पहनकर नहीं होंगे दर्शन; जानें क्या हैं नए नियम
मारपीट में दो महिला घायल
सुरीर कोतवाली क्षेत्र के गांव भदनवारा में विवाहिताओं को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने महिलाओं को अस्पताल भेजा है। अंजू पत्नी अनिल व रीना पत्नी धर्मेंद्र निवासी भदनवारा ने आरोप लगाया है कि उनके पति आए दिन शराब पीकर गाली-गलौज व मारपीट करते हैं। दहेज की मांग करते हैं, जबकि उनके पिता की मौत हो चुकी है। हमारा कोई भाई भी नहीं है। बूढ़ी मां कहां से दहेज देगी। शुक्रवार की रात पति शराब पीकर आए और गाली देने लगे। विरोध किया तो डंडे से पीट दिया, जिससे शरीर में चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव का कहना है कि घायल महिलाओं को अस्पताल गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।