लू के बीच बढ़ रहीं बीमारियां, बुखार से बालक की मौत
एक सप्ताह में दूसरे मरीज की मौत के बाद विभाग भी चिंतित
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। तापमान बढ़ने के साथ ही जिले में डायरिया के मरीजों के साथ ही बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। शनिवार को बुखार से पीड़ित एक साल के बालक की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों में पिछले एक सप्ताह में दूसरे मरीज की मौत हुई है। बुखार से एक सप्ताह में दो मरीजों की मौत के बाद विभाग भी चिंतित हो गया है।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव किन्हावर निवासी सुरेश कुमार के एक साल के पुत्र कार्तिक को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर शनिवार को परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी सप्ताह जिला अस्पताल में भर्ती बिछवां क्षेत्र के ही गांव हेमपुरा निवासी कलावती की भी तीन दिन पहले जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बुखार से पीड़ित होने के चलते मौत हुई थी। एक सप्ताह में बुखार के दो मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र में बुखार के मरीजों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दें।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 944 मरीज पहुंचे। फिजीशियन कक्ष में 25 से 30 मरीज ऐसे पहुंचे जो बुखार से पीड़ित थे। वहीं बालरोग विशेषज्ञ कक्ष में भी बुखार से पीड़ित 11 बच्चे उपचार के लिए पहुंचे। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि बच्चे को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।