मैनपुरी। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से अग्रवाल मोहल्ला और चौहान नगर में पानी घरों में भर रहा है। मंगलवार को गुस्साए लोगों ने शिकोहाबाद-भोगांव हाईवे को एक घंटे तक जाम रखा। नगर पालिका के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जमकर नारेबाजी की। एसडीएम और सीओ ने चेयरमैन से बात करने के बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
मोहल्ला अग्रवाल और चौहान नगर के लोग मंगलवार दोपहर करीब एक बजे शिकोहाबाद-भोगांव फोरलेन हाईवे पर भदावर हाउस के पास एकत्रित हुए। मोहल्लों में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से गुस्साए लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। कुछ ही देर में हाईवे पर वाहनों की कतार लग गईं। एसडीएम वीरेंद्र मित्तल और सीओ सिटी अमरबहादुर सिंह मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने मोहल्लेवासियों से वार्ता की, लेकिन वह मौके पर ही समाधान की मांग करने लगे। इस बीच एसडीएम ने चेयरमैन और ईओ से मोबाइल पर बात की। भरोसा दिया कि शीघ्र उनकी समस्या का निस्तारण होगा। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। करीब एक घंटे तक जाम में वाहन और लोग फंसे रहे। जाम लगाने वालों में राजाराम, राधाकृष्ण, पवन कुमार, नीलम, कोमल, संगीता, रोशनी, मोहरश्री, अंजली, गीता देवी, मिजाजी लाल, हरीश कुमार, जितेंद्र सिंह शामिल रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार शहर के मोहल्ला अग्रवाल में पूर्व में एक बड़ा तालाब था। पूर्व में मोहल्ला अग्रवाल और चौहान नगर के लोगों के घरों से निकलने वाला पानी इसी तालाब से होकर नाले में जाता था। पिछले एक साल में तालाब की जगह पर प्लॉटिंग हो गई और लोगों ने अपने मकान बनाकर तैयार कर लिए। अब पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे ऊपरी इलाके में रहने वाले लोगों के घरों को पानी निचले इलाके में रहने वाले लोगों के घरों और गलियों में भर रहा है। गंदा पानी घरों और गलियों में भरने से लोग परेशान हैं। पूर्व में लोगों ने नगर पालिका प्रशासन को कई बार ज्ञापन भी दिया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
जाम लगाने वालों का कहना कि वह करीब एक साल से समस्या से जूझ रहे हैं। छह महीनों से नगर पालिका प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मोहल्ले के पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए, लेकिन नगर पालिका प्रशासन उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। घरों में गंदा पानी घुस रहा है।