आगरा। बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र निर्धारिण में गड़बड़ियों की भरमार है। डीएम के पास रोज शिकायतें पहुंच रही हैं। बुधवार को केंद्र निर्धारिण में गड़बड़ियों की शिकायत पर डीएम अरविंद बंगारी ने डीआईओएस चंद्र शेखर को फटकार लगाई। केंद्रों की सूचियां बृहस्पतिवार को विकास भवन, शिक्षा विभाग कार्यालयों पर चस्पा करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अरविंद बंगारी ने बताया कि स्कूल प्रधानाचार्य व प्रबंधकों के अलावा अभिभावक भी बृहस्पतिवार शाम तक परीक्षा केंद्र के संबंध में आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियों की जांच के बाद केंद्रों का निर्धारण होगा। डीएम ने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में पारदर्शिता, शुचिता और विद्यार्थियों की सुविधा से कोई समझौता नहीं होगा। डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्र के संबंध में अभिभावक, विद्यार्थी भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बृहस्पतिवार शाम के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 के लिए जनपद में 160 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें 15 राजकीय, 81 सहायता प्राप्त और 64 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। केंद्र निर्धारण से संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर अब तक 397 प्रत्यावेदन प्राप्त हुए हैं। जिनमें 35 नए केंद्र निर्धारण, 34 केंद्र की धारण क्षमता अधिक होने और 315 केंद्र की दूरी अधिक होने के संबंध में आए हैं। 12 परीक्षा केंद्र निरस्त करने की शिकायत हैं।
आंख मूंद बना दिया परीक्षा केंद्र
केंद्र निर्धारण में गंभीर लापरवाही बरतीं गई हैं। डीएम को प्राप्त शिकायत में मुरारीलाल खत्री गर्ल्स इंटर कॉलेज को केंद्र घोषित किया गया है। जबकि केंद्र की सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड नहीं हैं। प्रधानाचार्य पूनम मिश्रा ने बताया कि विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे सुरक्षा व सुविधा प्रभावित है। उन्होंने 4 दिसंबर को ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई है।