डिजिटल संसाधनों और यूट्यूब ने इस बार छात्रों की तैयारी को नई दिशा दी। इससे सीबीएसई 10वीं के परीक्षा परिणामों में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने पढ़ाई को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाया।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया। जिले के 157 स्कूलों के करीब 15 हजार परीक्षार्थियों ने 33 केंद्रों पर परीक्षा दी थी। सीबीएसई के डिप्टी कोऑर्डिनेटर रामानंद चौहान ने बताया कि इस बार छात्रों ने डिजिटल संसाधनों और यूट्यूब का भरपूर उपयोग किया। कठिन विषयों को समझने के लिए छात्रों ने ऑनलाइन वीडियो लेक्चर, लाइव क्लास और शॉर्ट एक्सप्लेनर वीडियो का सहारा लिया, जिससे उनकी समझ बेहतर हुई।
उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये छात्रों को बार-बार रिवीजन, प्रैक्टिस और नए तरीके से सीखने का मौका मिला। खासकर गणित और विज्ञान जैसे विषयों में यूट्यूब ने अहम भूमिका निभाई। आने वाले समय में डिजिटल शिक्षा और तकनीक का उपयोग और बढ़ेगा, जिससे पढ़ाई और अधिक आसान व प्रभावी होगी।
ऑनलाइन क्लास से मिली मदद
कक्षा 10 सीबीएसई अनमोल लवानिया ने कहा कि हमने यूट्यूब और डिजिटल माध्यम से पढ़ाई की। इससे बहुत मदद मिली। ऑनलाइन क्लास में भी इनके माध्यम से समझाया जाता था। हम अपने शिक्षकों से भी क्राॅस चेक कराते थे। मेरे 88 प्रतिशत अंक आए हैं।