डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में सम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बुधवार को जारी निर्देश में बताया कि परीक्षाएं स्वकेंद्र (सेल्फ सेंटर) पर कराई जाएंगी। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ योजना के तहत संबंधित महाविद्यालयों की छात्राओं को स्वकेंद्र की सुविधा प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत संचालित बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी एवं एमकॉम (दिसंबर 2025) की परीक्षाओं में सामूहिक नकल और अनियमितता पाए जाने पर परीक्षा समिति ने ये निर्णय लिया है।
डिबार कॉलेज पर भी कार्रवाई
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि आगरा के 14, फिरोजाबाद के 7, मथुरा के 6 और मैनपुरी के 6 महाविद्यालयों को एक वर्ष के लिए परीक्षा संबंधी कार्यों से डिबार घोषित किया गया है। इन महाविद्यालयों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के आदेश जारी किए जाएंगे। वहीं, बुधवार को छात्र नेताओं ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचकर डिबार महाविद्यालयों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की।
विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक से डिबार कॉलेजों के केंद्रों की जानकारी मांगी गई, लेकिन उन्होंने जानकारी नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि आरटीआई के माध्यम से आवेदन करें तब ही सूची उपलब्ध कराई जाएगी और केंद्रों के नाम भी साझा नहीं किए गए। छात्र नेताओं का कहना है कि वार्ता के दौरान ही अधिकारी बीच में उठकर चले गए, जिससे बातचीत अधूरी रह गई। इस दौरान निरवेश शर्मा और अंकुश गौतम भी उपस्थित रहे।