एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर किडनी रोग विभाग और डायलिसिस यूनिट भी बनी है। वयस्क मरीजों के साथ ही अब बच्चों की डायलिसिस भी शुरू कर दी है। इनके लिए वार्ड में बेड भी तय कर दिए हैं। बच्चों की डायलिसिस के लिए दो मशीनें निश्चित कर दी हैं। बच्चे के परिजन आयुष्मान कार्ड, असाध्य रोग योजना कार्ड और राशन कार्डधारक हैं तो इनकी निशुल्क डायलिसिस होगी। जरूरतमंद मरीज विभाग में संपर्क कर सकते हैं। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि 20 डायलिसिस मशीनें संचालित हो रही हैं। इसमें 16 मशीन डायलिसिस यूनिट में हैं और दो-दो मशीनें आईसीयू और एचडीयू में संचालित हैं। बच्चों की भी डायलिसिस हो रही है।
अगले महीने से किडनी ट्रांसप्लांट सेवा शुरू
किडनी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि किडनी विभाग में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा अगले महीने से शुरू हो जाएगी। एंटी बैक्टीरियल वार्ड बन गए हैं। अभी 10 मरीजों का पंजीकरण हो गया है। किडनी दाता और मरीज की पीपीपी मॉडल से हैदराबाद और पुणे में जांच कराई जा रही है। एसजीपीजीआई की टीम की मदद से शुरू के 25 ऑपरेशन किए जाएंगे। इसके बाद एसएन के विशेषज्ञ ही किडनी ट्रांसप्लांट करेंगे। इसके लिए डॉक्टर और टेक्नीशियन का प्रशिक्षण पूरा हो गया है।