आगरा। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स के लिए खुद को सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल किया है। बुधवार के प्ले ऑफ मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के इस सीजन के आंकड़ों में ध्रुव जुरेल टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने 15 मुकाबलों में 508 रन बनाए और 39.08 की औसत के साथ 155.35 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। ध्रुव ने पूरे सीजन में कई मैचों में टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच फिनिश करने की क्षमता ने क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा। हैदराबाद के खिलाफ उनकी विस्फोटक पारी और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंदों में 93 रन की धमाकेदार बल्लेबाजी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
आगरा के क्रिकेट समीक्षक नरेंद्र शर्मा का कहना है कि ध्रुव जुरेल ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं बल्कि बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। कोच प्रवीन कुमार का कहना है कि ध्रुव की सफलता से शहर के युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है।