आगरा। आगरा के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की कप्तानी में इंडिया ए ने श्रीलंका ए को दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में 10 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था। आगरा के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि शहर के ध्रुव जुरेल ने कप्तान के रूप में टीम का सफल नेतृत्व किया।
पूर्व क्रिकेटर पराग गौतम ने कहा कि ध्रुव जुरेल ने एक बार फिर साबित किया है कि वह सिर्फ बेहतरीन विकेटकीपर-बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि भविष्य के सक्षम कप्तान भी हैं। इंडिया ए की इस सीरीज जीत में उनका नेतृत्व सबसे बड़ी उपलब्धि है। कप्तान के रूप में जुरेल ने पूरे दौरे में खिलाड़ियों का बेहतरीन उपयोग किया। यह प्रदर्शन उनके भारतीय टेस्ट टीम में स्थायी स्थान की दावेदारी को और मजबूत करेगा।