फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हेयर स्टाइल के बाद धोनी की लाइफ स्टाइल भी बदली

Sat, 08 Aug 2015 02:00 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला अागरा
विज्ञापन
विज्ञापन
पैराशूट के साथ हवाई जहाज से छलांग लगाने की रोमांच से भरी कला सीखने के लिए कैप्टन कूल को अपनी हेयर स्टाइल ही नहीं, लाइफ स्टाइल भी काफी हद तक बदलनी पड़ी है। माही को 15 दिनों तक  एक फौजी की तरह रहना होगा। रोजाना सुबह चार बजे उठना, मेस का भोजन खाना, आर्मी की खुली जिप्सी में चलना और शाम को फौजियों के साथ परेड करना। रहने के लिए फाइव स्टार होटल का लग्जरी रूम नहीं, ऑफिसर्स क्वार्टर मिला है। खास बात यह है कि धोनी इस कठिन तपस्या के लिए पहले से तैयार होकर आए हैं।
विज्ञापन


कुछ दिन पहले जब धोनी ने बाल कटवाकर बहुत छोटे करवाए तो उनके फैन हैरान रह गए। माही जब क्रिकेट में आए थे तब हेलीकॉप्टर शॉट के साथ ही उनके हवा में लहराते लंबे बाल भी बहुत मशहूर हुए थे। परवेज मुशर्रफ तक ने उनके  बिंदास हेयर स्टाइल की तारीफ की थी। लेकिन बाद में उन्होंने बाल छोटे करा लिए। कुछ दिन पहले हेयर स्टाइल में थोड़ा और बदलाव आया। इस बार बालों पर कैंची कुछ ज्यादा ही चली। उन्होंने अपनाया फौजी लुक।
एमएस ने तब इसकी वजह नहीं बताई, लेकिन अब राज खुल गया है।  यह तैयारी थी 15 दिन के लिए फौजी बनने की। आर्मी ने उन्हें पहले ही समझा दिया था कि पैराशूट जंपिंग बच्चों का खेल नहीं। इसके लिए शारीरिक और मानसिक तौर पर कठिन तैयारी करनी होती है। ट्रेनिंग के दौरान फौजी की तरह रहना होगा। क्रिकेट के मैदान पर पसीना बहाने वाले धोनी को यह इम्तिहान बहुत मुश्किल नहीं लगा। इसीलिए उन्होंने इसके लिए तुरंत हां कर दी।
विज्ञापन

अब गुरुवार को पैरा ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) पहुंचते ही उनकी फिटनेस से लेकर फुर्ती तक की परीक्षा शुरू हो गई। सूत्रों ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी शुक्रवार सुबह चार बजे उठते ही फौजियों के साथ ग्राउंड पर पहुंच गए। वार्मिंगअप किया और फिर दौड़ लगाई। उन्हें खाना ऑफिसर्स मेस से परोसा गया। हालांकि उनसे पूछा गया कि किसी और चीज की जरूरत हो तो बता दें, लेकिन उन्होंने साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें फौजी की जिंदगी जीने में मजा आ रहा है।

धोनी सेना के ओनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। ट्रेनिंग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि धोनी को पैरा जंपिंग सिर्फ उनकी ख्वाहिश के लिए ही नहीं सिखाई जा रही है, ओनरेरी ऑफिसर के लिए इस अभ्यास से गुजरना होता है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को भी कुछ दिन की आर्मी ट्रेनिंग लेनी पड़ी थी। उन्हें भी सेना की मानद उपाधि मिली थी।
 मीडिया से दूर रहना होगा
सूत्रों ने बताया कि धोनी को 15 दिन की ट्रेनिंग के दौरान मीडिया से दूरी बनाकर रखने के लिए कहा गया है। आर्मी ने उनकी पैरा जंपिंग ट्रेनिंग को भी गोपनीय रखा है। वे तीन दिनों में ताजनगरी में कहीं घूमने भी नहीं गए हैं।

सेल्फी विद धोनी का क्रेज
सैन्य अधिकारियों के परिवारों में धोनी के साथ सेल्फी खिंचवाने का जबरदस्त क्रेज है। कई ने उनके साथ फोटो खिंचवाए भी हैं। उन्हें कोई डिनर के लिए बुला रहा है तो कोई लंच के लिए, लेकिन फिलहाल उनका ध्यान ट्रेनिंग पर है।

न बल्ला छुआ, न दस्ताने
सूत्रों का कहना है कि पैरा जंपिंग सीखने के लिए धोनी को क्रिकेट से भी दूरी बनानी पड़ी है। कैप्टन कूल न बैट छू रहे हैं, न बॉल और न ही विकेट कीपर के दस्ताने। हालांकि टीवी ऑन करते ही स्पोर्ट्स चैनल लगाकर क्रिकेट ही देखते हैं।   

माही ने सीखी पैरा जंपिंग की बारीकियां
धोनी ने शुक्रवार को वायु विहार स्थित पैरा ट्रेनिंग स्कूल में ग्राउंड ट्रेनिंग ली। स्कूल के इंस्ट्रक्टर्स ने उन्हें वार्मअप, पैरा जंपिंग के मानक, हवाई जहाज, हवा के दबाव आदि की जानकारी दी। उन्हें जंपिंग की पोजीशन, रोल करने के तरीके के बारे में बताया। ग्राउंड ट्रेनिंग के बाद धोनी को एयर ट्रेनिंग कराई जाएगी। धोनी ने भी स्कूल इंस्ट्रक्टर्स की बात को ध्यान से सुना और उन्हें अमल में लाने के लिए कई बार प्रेक्टिस भी की।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें