Dhanteras 2023: धनतेरस का पर्व 10 नवंबर यानि आज है। मान्यता है कि इस दिन भगवान धनवंतरी का जन्म हुआ था। इस दिन सोने, चांदी, बर्तन, वाहन, फर्नीचर आदि की खरीदारी शुभ मानी जाती है।
Dhanteras 2023: दिवाली के पांच उत्सव में पहला धनतेरस है। इस दिन सोने, चांदी, बर्तन, वाहन, फर्नीचर आदि की खरीदारी शुभ मानी जाती है। बाजार इस तरह सजाए गए हैं कि आप रात तक खरीदारी कर सकते हैं।
विज्ञापन
सुख-समृद्धि के लिए जलाएं चौमुंहा दीपक
सनातन धर्म मंदिर शहजादी मंडी के पुजारी पं. कृष्णदत्त शास्त्री बताते हैं कि 5 दिवसीय इस त्योहार में हर दिन का विशेष महत्व है। शुक्रवार को पूजन का श्रेष्ठ समय प्रदोष काल में शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा। खरीदारी दोपहर 12:35 बजे से शुरू की जा सकती है। बताते हैं कि धनतेरस पर घर की सुख-शांति और समृद्धि के लिए एक चौमुंहा दीपक दक्षिण दिशा में जलाना चाहिए।
150 साल बाद धन वृद्धि महासंयोग
पं. सुभाष चंद्र शास्त्री का कहना है कि 10 नवंबर को त्रियोदशी दोपहर 12:35 बजे से शुरू होगी। साथ ही शुक्र की होरा भी लग रही है। शुभ मुहूर्त में 800 ग्राम या 8 किलो नमक या विषम संख्या में झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। घनत्व त्रयोदशी होने के कारण 13 संख्या में चीजों को खरीदना शुभ रहेगा। इच्छुक व्यक्ति सोना, चांदी, अष्ट धातु की लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा, दक्षिणावर्ती शंख, पीतल हत्था जोड़ी, श्रीयंत्र, गोमती चक्र, वाहन आदि खरीद सकते हैं।
करें धन्वंतरि और कुबेर का भी पूजन
धनतेरस पर माता लक्ष्मी, गणेश के साथ भगवान धन्वंतरि और कुबेर का पूजन भी करना चाहिए। ज्योतिषाचार्य पूनम वार्ष्णेय बताती हैं कि इस बार हस्त नक्षत्र कलात्मक योग व शिवराज योग बन रहा है। शुक्रवार का दिन होने से भौतिक वस्तुएं खरीदने के लिए और उनके स्थायी रूप से बने रहने के लिए यह दिन शुभ है। शुभ मुहूर्त में कुंभ और मीन लग्न रहेंगे। जिससे खरीदी गई वस्तु काफी लंबे समय तक आपके लिए लाभदायक रहेगी।