कासगंज/सोरोंजी। बैसाख मास की अमावस्या पर बुधवार को लहरा घाट, कछला गंगा घाट, कादरगंज घाट, तीर्थनगरी की हरि की पौड़ी पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। गंगा स्नान कर घाटों पर मौजूद जरूरतमंद, साधु संतों को दान कर पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान भी कराए। गंगा स्नान को राजस्थान, एमपी, गुजरात, दिल्ली आदि विभिन्न प्रांतों के श्रद्धालु पहुंचे।सुबह ब्रह्म मुहूर्त से श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर गंगा स्नान शुरू कर दिया। गंगा घाटों पर श्रद्धालु हर हर गंगे, गंगा मैया के जयकारे लगाते रहे। गंगा स्नान से पूर्व श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार कराकर तीर्थ पुरोहितों से अपने पूर्वजों की आत्म शांति के लिए पूजन अनुष्ठान कराया। गंगा स्नान कर तीर्थ पुरोहितों को दान दक्षिणा दी। हरि की पौड़ी पर बने भागीरथी गंगा घाट, लाल घाट, वराह घाट, राजा वाले घाट, श्याम वराह घाट , सोमेश्वर घाट, लक्ष्मण जी घाट, बरी वाले घाट, लठ्ठा वाले घाट पर शाम तक श्रद्धालु गंगा स्नान करते रहे। कई श्रृद्धालुओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पैरावनी की। श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन भी किया।
मंदिरों में दर्शन कर मांग समाज और परिवार की खुशहाली
श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया एवं अपने परिवार की खुशहाली और समृद्धि का आशीष मांगा। श्रद्धालुओं ने बालाजी दरबार, रघुनाथजी, सोमेश्वर दरबार, सिद्ध हनुमान, द्वारिकाधीश, मानस मंदिर, शनि मंदिर, सिद्ध विनायक, राधा कृष्ण, गंगा माता, पंच महा शक्ति आदि मंदिरों में भी दर्शन पूजन किए।
श्रद्धालुओं ने अन्न क्षेत्र किए आयोजित
श्रद्धालु योगमार्ग स्थित संतों के आश्रम महेश दयानंद सोहम आश्रम, प्रेमी बाबा आश्रम, भक्त आश्रम, अमृतानंद आदि आश्रमों में भी पहुंचे। जहां संतों के लिए श्रद्धालुओं ने अन्न क्षेत्र (भंडारा) का आयोजन किया गया। हरि की पौड़ी किनारे पालिका प्रशासन द्वारा कई जगह वाटर टैंक रखवाकर पेयजल के इंतजाम किए गए थे।
हरि की पौड़ी पर समाजसेवियों ने की सफाई
सोरोंजी। तीर्थनगरी के समाजसेवियों ने हरि की पौड़ी किनारे सोमेश्वर मंदिर मार्ग से तेलीय घाट मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया। वहीं लोगो को स्वच्छता और पौड़ी क्षेत्र में गंदगी न करने के लिए जागरूक किया।घाट के परिक्रमा मार्ग पर सफाई न होने से काफी गंदगी जमा हो गई थी। सुबह के समय श्रद्धालु यहां बैठकर आराम करते हैं और खाना खाते हैं। गंदगी देखकर उनकी भावनाएं आहत होती थीं। सभासद रिंकू पचौरी ने समस्या का संज्ञान लेते हुए समाज सेवियों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। सभासद ने श्रद्धालुओं से गंदगी न फैलाने का आह्वान किया। अभियान में सार्थक मिश्रा, जयप्रकाश महेरे, गुंजन तिवारी, रिषभ सैनी, रजत मिश्र के साथ चार घंटे तक अभियान चलाकर मार्ग को स्वच्छ करने का कार्य किया।