आगरा। राजकीय इंटर कॉलेज शाहगंज के कक्षा 10 के छात्र देव का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-14 आयु वर्ग की हैंडबॉल टीम में हुआ है। देव अब राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में 5 से 10 जनवरी तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
देव ने आगरा में आयोजित 69वीं प्रदेशीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था जिसके बाद अयोध्या में आयोजित 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रदेश की टीम में जगह दी गई।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव अनिल कुमार ने बताया कि देव यूपी टीम के अन्य सदस्यों के साथ 2 जनवरी को डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संस्थान (मकबरा), अयोध्या से चित्तौड़गढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं। देव की इस उपलब्धि पर संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल, डीडीआर मनोज गिरी, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, वीपी सिंह, प्रधानाचार्य मानवेंद्र सिंह और कोच दिलीप शर्मा ने खुशी जताई।