भूमि अधिग्रहण को लेकर तहसील सदर में एसडीएम श्वेता सिंह से वार्ता करते ऑल इंडिया किसान यूनियन क
एटा। तहसील सदर परिसर में बृहस्पतिवार को ऑल इंडिया किसान यूनियन के सैकड़ों किसानों ने भूमि अधिग्रहण के सर्किल रेट बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश लोधी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसान शामिल हुए।
कैलाश लोधी ने कहा कि एटा-कासगंज रेल लाइन विस्तार परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि का निर्धारित सर्किल रेट काफी कम है। वर्तमान में भूमि का मूल्य करीब 28 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है, जिसे बढ़ाकर 67 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की जाए।
कैलाश लोधी ने कहा कि जिले के दर्जनों गांवों के किसान श्योराई गांव में करीब 142 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। मांग को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को कई बार ज्ञापन भी भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सर्किल रेट बढ़ाने का अधिकार जिला प्रशासन के पास होने के बावजूद किसानों की मांग पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद किसानों ने उत्तर प्रदेश सरकार के नाम उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह को ज्ञापन सौंपा।