आगरा। कमिश्नरी में पुलिस चौकी स्थापित करने, मेटल डिटेक्टर लगाने व अधिवक्ताओं की सुरक्षा व्यवस्था की मांग मंगलवार को कमिश्नर्स कोर्ट बार एसोसिएशन की बैठक में की गई। सोमवार को वादी व अधिवक्ता के बीच हुए विवाद के विरोध में मंगलवार को कमिश्नरी में कोई काम नहीं हुआ। बैठक के बाद बेमियादी हड़ताल की घोषणा की गई है।
कमिश्नर्स कोर्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, महासचिव शिवनारायण यादव, गोविंद सहाय जौहरी, विजय प्रकाश पचौरी, सुधांशु सक्सेना, प्रशांत कुलश्रेष्ठ, उदयवीर सिंह, नाहर सिंह आदि अधिवक्ताओं ने एक स्वर में कमिश्नरी परिसर में अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर शंका व्यक्त की। अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि परिसर में पुलिस चौकी स्थापित की जाए। जिससे अधिवक्ताओं के साथ होने वाली घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि सभी कोर्ट में बेमियादी हड़ताल रहेगी। आगे की रणनीति के लिए बैठक बुलाई है।
बता दें कि सोमवार को कमिश्नरी में वादी और अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हो गई। जिसके विरोध में मंगलवार को कमिश्नरी में हड़ताल रही। मथुरा, फिरोजाबाद व गैर जिलों से आए फरियादियों को वापस लौटना पड़ा। आयुक्त, अपर आयुक्त सहित विभिन्न न्यायालयों में अधिवक्ता न्यायिक कार्य के नहीं पहुंचे।