कासगंज मोहनपुर नगर पंचायत को ब्लाक बनाने की मांग को लेकर अर्धनग्न प्रदर्शन करते स्थनीय लोग ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिले की सबसे पुरानी नगर पंचायत मोहनपुर को विकासखंड बनाए जाने की मांग जोर पकड़ रही है। आंदोलन मिशन मोहनपुर में सोमवार को आंदोलनकारियों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। राज्य सरकार से मांग की कि वह मोहनपुर को ब्लॉक घोषित करे।
आंदोलनकारी डॉ. प्रदीप रघुनंदन ने कहा कि हमारा आंदोलन पूरी तरह से गांधीवादी तरीके से हो रहा है। हम राज्य सरकार का ध्यान अपनी ओर करना चाह रहे हैं। उन्होंने बताया कि अखंड आर्यावर्त संघ ने मोहनपुर को ब्लॉक बनाए जाने की मांग का समर्थन किया है। सुबोध पंडित ने कहा कि आज युवा पूरी तरह से इस आंदोलन से जुड़ चुका है।
वह अहिंसात्मक तरीके से अपनी बात राज्य सरकार के सामने प्रस्तुत कर रहा है। मोहनपुर सबसे पुरानी नगर पंचायत है लेकिन विकास से पूरी तरह महरूम है। ब्लॉक का दर्जा दिया जाए ताकि पूरे क्षेत्र का संपूर्ण विकास हो सके। आदर्श गुप्ता ने कहा कि बार-बार हम राज्य सरकार के सामने अपनी मांग प्रस्तुत कर रहे हैं। मोहनपुर को विकासखंड घोषित किया जाए। अर्धनग्न प्रदर्शन में किसान नेता भगवान सिंह राघव, प्रवेश मिश्रा, चंद्रपाल मिश्रा, आकाश बाबू, सफीक अहमद, ऋषभ गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, प्रवेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, संदीप राघव, राकेश कुमार शर्मा, अयाज खान उपस्थित रहे।