आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ 10 जुलाई से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में उतरने जा रही है। आगरा की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा एक बार फिर भारतीय टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल होंगी।
टी-20 विश्व कप अभियान के बाद अब भारतीय टीम की नजरें टेस्ट क्रिकेट में जीत दर्ज करने पर हैं और इस मुकाबले में दीप्ति से बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान की उम्मीद रहेगी। दीप्ति शर्मा भारतीय महिला टीम की सबसे अनुभवी ऑलराउंडरों में गिनी जाती हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने कई मौकों पर मुश्किल परिस्थितियों में टीम को जीत दिलाई है। ऑफ स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ मध्यक्रम में उनकी बल्लेबाजी भारत की बड़ी ताकत मानी जाती है।
इस टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ भी शामिल हैं। लॉर्ड्स की बालकनी में दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ की साथ खिंची तस्वीर ने भारतीय प्रशंसकों का ध्यान खींचा है। फिलहाल आगरा के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें खास तौर पर दीप्ति शर्मा पर टिकी हैं।
शहर की युवा क्रिकेटर हर्षिका उपाध्याय ने कहा कि लॉर्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर खेलने का मौका हर खिलाड़ी का सपना होता है। दीप्ति के पास अनुभव भी है और मैच का रुख बदलने की क्षमता भी। मुझे भरोसा है कि वह बल्ले और गेंद दोनों से भारत की जीत में अहम भूमिका निभाएंगी।