मैनपुरी। जिले में बुखार और अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में बुखार और अस्थमा से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में 11 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। तीन मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
रविवार को ओपीडी बंद होने के कारण सुबह से ही जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही। थाना क्षेत्र के गांव परोंख निवासी किशनलाल (75) को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। रविवार को गंभीर हालत में परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना दन्नहार क्षेत्र के गांव देवामई निवासी प्रमोद कुमार (45) को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की शिकायत की हो गई थी उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन ने शनिवार की रात उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराय।
यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात में ही उनकी मौत हो गई। रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही। यहां 40 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि बुखार, निमोनिया और अस्थमा की दिक्कत के चलते 11 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग का कहना था कि बुखार के मरीजों की स्थिति अब नियंत्रण में हैं। बुखार के मरीजों की संख्या कम हो गई है। उन्होंने कहा कि बच्चे और बुजुर्गों का सर्दी से बचाव रखा जाए। सर्दी के चलते अब निमोनिया, अस्थमा और कोल्ड डायरिया के मरीज बढ़े हैं।