आगरा के ट्रांसपोर्ट नगर में आईएसबीटी के सामने श्रीराम पूड़ी वाले रेस्टोरेंट की सब्जी में छिपकली मिलने पर ग्राहकों ने शनिवार को हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। लोगों को शांत कराया। शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सब्जी का नमूना लेकर जांच को भेजा है। इससे पहले बीते महीने बिजलीघर चौराहा स्थित इसी प्रतिष्ठान की सब्जी में छिपकली मिली थी, इसके नमूने की अभी जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
बिचपुरी निवासी मोनू चौधरी का आरोप है कि उसने 20 रुपये की सब्जी और पूड़ी खरीदी। खाने को हुआ तभी दोने में छिपकली का सिर पड़ा देख, इस पर प्रतिष्ठान कर्मचारियों को बताया, उन्होंने अभद्रता की। सब्जी को फेंक भी दिया। हंगामा होने पर पुलिस भी पहुंच गई। थाने में तहरीर भी दी है। शिकायत पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय पांडे मौके पर आए और सब्जी का नमूना लेकर जांच कराने के लिए भेजा है।