आगरा में युवक की हत्या करके स्कूटर लूट लिया। लाश नहर के पास पड़ी मिली। परिजन ने प्रधानपति सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि इन लोगों ने पहले धमकी भी दी थी।
उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार सुबह नहर किनारे ऑटो मालिक बंटू कुशवाह (44) का शव मिला। उनके माथे पर चोट के निशान थे। मृतक का स्कूटर नहीं मिला। परिजन ने हत्या स्कूटर लूट का आरोप लगाया। पुलिस को तहरीर दी। घटना ताजगंज थाना क्षेत्र में रोहता नहर की है।
विज्ञापन
मामले में प्रधानपति सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिजन का कहना है कि बंटू ने प्रधानपति के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। इससे वो रंजिश मान रहे थे। इस कारण उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नैनाना ब्राह्मण, थाना सदर निवासी बंटू कुशवाह (44) उर्फ बंटी ऑटो चलाता था। एक ऑटो किराये पर भी दे रखा था। परिजन ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात 10:45 बजे बंटू अपने चाचा चाचा लाखन सिंह के घर गया था। इसके बाद एक कॉल आने पर चाचा के घर से स्कूटर लेकर निकले थे। मगर, रात में घर नहीं पहुंचे।
मंगलवार सुबह 8 बजे थाना ताजगंज पुलिस ने फोन किया। रोहता नहर पर बंटू कुशवाह के मृत मिलने की जानकारी दी। इस पर परिजन पहुंचे। उनके सिर में चोट लगी हुई थी। घटनास्थल पर उनका स्कूटर नहीं मिला, जबकि उनका मोबाइल टूटा पड़ा था।
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई राकेश कुमार ने तहरीर दी। मुकदमा दर्ज किया है। इसमें मंगल सिंह, उसके बेटे रामकिशन और बंटू उर्फ हाकिम सिंह को नामजद किया है। परिजन ने एक्टिवा भी लूटने का आरोप लगाया है। मामले में विवेचना की जा रही है।
रोहता नहर के रास्ते पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। पता किया जा रहा है कि मृतक के साथ रात में और कौन था? अगर, एक्टिवा लूटा गया है तो कौन लेकर गया? मृतक की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण माथे में चोट लगने से आया है।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
मृतक के भाई राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलसिंह, रामकिशन, बंटू उर्फ हाकिम सिंह पूर्व में भाई को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। बंटू ने रामकिशन के खिलाफ शिकायत की थी। रामकिशन प्रधानपति है। भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
इस पर उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा लिखा गया था। इसमें भाई बंटू गवाह था। इस कारण ही जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। आरोप लगाया कि थाना सदर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इस वजह से भाई की हत्या हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक बंटू की जेब से पाबंद करने की कार्रवाई का नोटिस मिला था। इस पर जांच की गई। पता चला कि बंटू पूर्व में जेल गया था। उसके खिलाफ थाना सदर में बलवे का मुकदमा दर्ज है। गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की गई थी।
उसने हाल में नोटिस पर जमानत भी करानी थी। उधर, परिजन ने बताया कि बंटू की शादी 11 साल पहले रामबाग की नीलम से हुई थी। उसके आठ साल की बेटी दिव्या और तीन साल का बेटा प्रिंस है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।