मैनपुरी के कस्बा कुर्रा से सात दिन पूर्व लापता एक वृद्ध का शव रविवार शाम हाजीपुर मार्ग के पास एक अहाता में कचरे के ढेर में दबा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षत विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में एक नामजद सहित तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
कुर्रा निवासी 58 वर्ष की कृपाल सिंह यादव 24 मई को अचानक लापता हो गए थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। शनिवार की शाम कृपाल सिंह का शव कस्बा निवासी विक्रम सिंह के अहाता में कचरे के ढेर में दबा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, कई हिस्सों में बंट चुके शव को बाहर निकाला गया। करीब एक हफ्ता पुराना होने की वजह से शव सड़ चुका था। मृतक के परिजनों ने आरोपी विक्रम सिंह के विरुद्ध हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
बदबू आने पर हुई जानकारी
आरोप है कि हाजीपुर मार्ग पर विक्रम सिंह के अहाता में कृपाल सिंह की हत्या करने के बाद शव को कचरे के ढेर में दबा दिया गया। रविवार की शाम जब कुछ लोग अहाता के पास से गुजरे, तो बदबू आने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शव को देख ऐसा लग रहा था की टुकड़े करने के बाद शव छिपाने के उद्देश्य से घूरा में दबाया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के गिरफ्त में आने के बाद हत्या की सही वजह पता लग सकेगी।