एटा के थाना सकीट के मोहल्ला उरहैना स्थित एक मकान के पीछे शनिवार सुबह युवक का शव पड़ा मिला। इसके बाद आसपास के लोग पहुंचे और सनसनी फैल गई। सूचना पुलिस को दी गई। परिजन युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। घटनास्थल का निरीक्षण सीओ व अन्य अधिकारियों ने किया और डॉग स्क्वाइड व फोरेंसिक टीम भी जांच की।
थाना सकीट क्षेत्र के गांव सकतपुर निवासी शीलेंद्र यादव (38) का शव कस्बा के मोहल्ला उरहैना में स्थित मकान के पीछे पड़ा मिला है। भाई कौशल यादव ने बताया कि हत्या कर शव को मकान के पीछे डाला गया है। अगर छत से गिरता तो शरीर पर चोटों के निशान होते, लेकिन शरीर पर एक भी चोट का निशान नहीं है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि पहले हत्या की गई है और बाद में शव को मकान के पीछे रख दिया है।
बताया कि भाई करीब 10 साल पहले बीएसएफ की नौकरी छोड़कर घर आ गए थे। जबकि भाभी का कोई भाई नहीं है। इसके चलते माता-पिता की देखभाल करने के लिए शादी के बाद से ही अपने मायके गांव गणेशपुरा शरीफपुर थाना कुरावली जिला मैनपुरी में रहती आ रही हैं। दो बच्चे हैं, वह भी भाभी के पास ही रहते हैं। जबकि भाई कस्बा सकीट स्थित मकान पर रहते थे। गांव करीब 3 किमी दूर है। वहां पर भी हर रोज आना जाना रहता है।
सीओ सकीट संजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मकान की छत से गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। मोबाइल भी साथ गिरा और टूट गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही जांच कराई जाएगी। अब तक किसी भी परिजन ने हत्या जैसी बात लिखकर नहीं दी है।