हरियाणा के होडल थाना क्षेत्र के गांव करमन से एक सप्ताह पूर्व लापता हुए छात्र का शव गिडोह रजबहा से बरामद किया है। कोसी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर होडल पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गांव करमन निवासी मदन सिंह का इकलौता पुत्र दिनेश कुमार राजकीय कॉलेज होडल में बीएससी नाॅन मेडिकल की परीक्षा देने के लिए 8 दिसंबर को घर से होडल आया था। उसके बाद से वह घर नहीं पहुंचा। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो मामले की शिकायत होडल पुलिस को दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली।
शुक्रवार को कोकिलावन से गिडोह जाने वाले रजबहा के निकट किसी ग्रामीण ने रजबहा में युवक का शव देखा। जिसके बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जब तलाशी ली तो उसके पास से कॉलेज का पहचान पत्र मिला। इसी पहचान पत्र के माध्यम से कोसी पुलिस ने मृतक की पहचान दिनेश कुमार निवासी गांव करमन के रूप में की। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जांच अधिकारी शेर सिंह ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।