आगरा। सराय बेगा में अब बेटियों की शादी सामुदायिक भवन में होगी। नगर निगम प्रशासन वार्ड 33 सराय बेगा में 59.70 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण करा रहा है। इस भवन के निर्माण से गरीब और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए बड़ी राहत मिलेगी।
मेयर हेमलता दिवाकर की पहल पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने प्रस्ताव तैयार कर 15वें वित्त आयोग से इसके कार्य की शुरुआत कराई है। इसका निर्माण जल्द पूरा होने वाला है। अब तक क्षेत्र में शादी-ब्याह, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम खुले में या सड़क पर आयोजित करने पड़ते थे। यहां आसपास मैरिज होम जैसी महंगी सुविधाएं गरीबों की पहुंच से बाहर थीं। मेयर हेमलता दिवाकर ने कहा कि हर वार्ड में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं जिससे आमजन को अपनी खुशियों और सामाजिक आयोजनों के लिए सम्मानजनक स्थान मिल सके। यह भवन सामाजिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक कदम है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि नगर निगम प्रत्येक वार्ड में आवश्यक सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है।