उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 88वां दीक्षांत समारोह गुरुवार को संपन्न हुआ। इस मौके पर कुलाधिपति और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
आगरा के लोहामंडी की सेंट जोंस कॉलेज की अपूर्वा कुशवाहा ने तीन सोने के मेडल हासिल किए। उन्होंने बताया कि पिताजी बिजली का काम करते हैं। हम चार भाई-बहन की पढ़ाई और परिवार का खर्च उठाने में कमाई कम पड़ने लगी। ऐसा लगा कि आगे की पढ़ाई नहीं हो पाएगी। बीएससी प्रथम वर्ष से बच्चों को ट्यूशन देना शुरू कर दिया। महीने में आठ से 10 हजार रुपये मिल जाते। इससे परिवार में सहयोग के साथ अपनी पढ़ाई भी करती।
छोटे भाई-बहन को भी पढ़ाती हूं। पिता ईश्वरी प्रसाद कहते हैं कि अपूर्वा तो बेटे से भी बढ़कर है। दीक्षांत समारोह में उसने एमएससी गणित में 3 स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। इससे पहले 86वें दीक्षांत समारोह में बीएससी अंतिम वर्ष में भी एक स्वर्ण पदक मिला था। भविष्य में शिक्षक बनना चाहती हैं, नेट की भी तैयारी कर रही हैं।