गांव करीमगंज में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते जिलाधिकारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। करीमगंज में डीएम ने 24 घंटे एंबुलेंस उपलब्ध रखने को कहा है। इससे मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जाएगा। सोमवार को बुखार से एक और मौत होने के बाद मंगलवार को पूरा प्रशासनिक अमला गांव पहुंचा। अफसरों ने गांव का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि गांव के लोग घबराएं नहीं, प्रशासन मरीजों के लिए बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। गांव में बने अस्थाई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया जाएगा। इसके लिए गांव में स्थाई रूप से एक एंबुलेंस मौजूद रहेगी। करीमगंज में बुखार के प्रकोप के बाद जिलाधिकारी दूसरी बार गांव पहुंचे थे।
साथ ही गांव में अब कोई कंटेनमेंट जोन न होने पर उन्होंने अभियान चलाकर साफ-सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के आदेश दिए। उन्होंने सीएमओ डॉ. एके पांडेय से कहा कि डेंगू जांच के लिए भेजे गए नमूने की रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने ऐसे निजी चिकित्सालयों और पैथॉलॉजी को चिह्नित करने को कहा जहां मरीजों का उपचार चल रहा है और जांच की गई है।
यदि वे गलत रिपोर्ट दे रहे हैं, या फिर झोलाछाप इलाज कर रहा है। तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी समय से जांच कराने और साफ-सफाई रखने की अपील की। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया, उप जिलाधिकारी ऋषिराज, डीपीआरओ स्वामीदीन, अधिशासी अभियंता विद्युत मौजूद रहे।