आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी के फेज दो में दबंगों ने चौथ नहीं देने पर हलवाई की दुकान में तोड़फोड़ की। हलवाई को पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने 5000 रुपये चौैथ मांगी थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यहां का है मामला
ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी रूप सिंह की हलवाई की दुकान है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे दुकान पर बेटा देव और भतीजा अरविंद बैठे थे। क्षेत्रीय निवासी योगेश और गोलू दुकान पर आए। आते ही बाइक से काउंटर में टक्कर मारी। इसके बाद बेटे से 5000 रुपये मांगने लगे। बेटे और भतीजे ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। इस पर आरोपी गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों को पीटा और दुकान में तोड़फोड़ की। राहगीरों के इकट्ठे होने पर हमलावर भाग निकले।
ये भी पढ़ें - Taj Mahal: ताज के रात्रि दर्शन के लिए दूसरे दिन भी स्लॉट फुल, देखने वालों की लगी रहीं कतार
वीडियो हो रहा वायरल
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो युवक दुकान पर आकर पहले दुकानदार से बात करते हैं। इसके बाद एक युवक दुकानदार को पीटने लगा। दोनों हमलावर दुकानदार के साथी को भी बाहर खींच लाते हैं। इसके बाद समोसे की ट्रे से हमला करते हैं। काउंटर फेंककर सामान भी फेंकते नजर आए।
मुकदमा किया गया दर्ज
एत्माद्दौला थाना के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि समोसे के रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। दुकानदार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।