इंदिरापुरम के एमआईजी फ्लैट निवासी पीड़ित जाहिद जफर रहमानी ने पुलिस को बताया कि 3 मई की दोपहर करीब 12:20 बजे वह राजपुर चुंगी स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने गए थे। एटीएम पर पहले से मौजूद दो व्यक्ति मशीन के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। उन्होंने जाहिद से रुपये निकालने को कहा। जैसे ही जाहिद ने अपना डेबिट कार्ड मशीन में डाला, कार्ड स्लॉट में फंस गया।
इसके बाद एक आरोपी ने उन्हें एक कथित हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने को कहा। वह नंबर शातिरों ने पहले से एटीएम पर चिपकाया हुआ था।फोन पर बात करने पर आरोपियों के साथी ने उनसे डायलिंग बॉक्स के कैंसिल बटन पर उंगली रखते हुए पिन नंबर दो-तीन बार दबाने को कहा।ऐसा करने पर दोनों युवकों ने उनका पिन देख लिया। कुछ देर बाद आरोपियों ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए बैंक शाखा जाने को कहा। पीड़ित जब बैंक की ओर गया, तभी आरोपियों ने कार्ड निकालकर खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। करीब 1:25 बजे उनके मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का मैसेज आया। थाना प्रभारी सदर ने बताया कि सीसीटीवी की रिकार्डिंग देखकर ठगों की गिरफ्तारी की जाएगी।