आगरा में ऑनलाइन साइट से नंबर निकालकर सीमेंट का ऑर्डर देना ठेकेदार व एक अन्य युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने डिलीवरी देने के नाम पर 7.68 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर करा लिए। डिलीवरी न होने पर थाना साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शाहगंज थाना क्षेत्र के अलबतिया, जवाहरपुरम निवासी रामबाबू सिंह की चाहर कंस्ट्रक्शन नाम से कंपनी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 अप्रैल को उन्होंने ऑनलाइन साइट पर एसीसी सीमेंट के अधिकृत डीलर का नंबर खोजा। साइट पर मिले नंबर पर संपर्क किया। फोन उठाने वाले युवक ने खुद का नाम मनोज गुप्ता बताया कहा कि वह मार्केटिंग मैनेजर है।
उन्होंने एक हजार बोरी सीमेंट के लिए 2.72 लाख का कोटेशन दिया। ऑर्डर देने पर रुपयों की मांग की। उन्होंने भरोसा कर रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में कम से कम दो हजार बोरी सीमेंट का ऑर्डर डिलीवर करने की बात कही। उन्होंने फिर से 2.65 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि इसके बाद सीमेंट की डिलीवर नहीं मिली। 2.50 लाख रुपयों की और मांग करने पर ठगी का अहसास हुआ।
इसी तरह इटौरा के नगला बेरीसाल निवासी सूबेदार राकेश प्रजापति ने बताया कि उन्हें अपना मकान बनवाने के लिए सीमेंट की जरूरत थी। उन्होंने 31 मई को ऑनलाइन जेके सीमेंट के डीलर का नंबर खोजा। फोन किया तो विपिन गुप्ता नाम के युवक से बात हुई। उसने खुद को कंपनी का मार्केटिंग मैनेजर बताया। उन्होंने भरोसा कर 2.30 लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद सीमेंट की डिलीवरी नहीं मिली।