आगरा साइबर ठगों ने आर्किटेक्ट युवती को धोखाधड़ी का शिकार बनाया। अंकल बनकर काॅल किया। खाते में 16 हजार रुपये भेजने का झांसा दिया। खाते में रकम भेजने के बजाय अपने खाते में 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत की है।
पीड़ित युवती नरसी विलेज, मघटई की रहने वाली हैं। पिता सिविल इंजीनियर हैं। पीड़ित ने बताया कि शनिवार शाम 7:15 बजे उनके मोबाइल पर एक काॅल आई। काॅल करने वाले ने कहा कि बेटा मैं मनोज अंकल बात कर रहा हूं। आपके पिता ने नंबर दिया है। मैं आपके पिता के लिए रकम ट्रांसफर कर रहा था। पापाजी बोल रहे थे कि बिटिया फोन पे व गूगल पे चलाती है। उनके नंबर पर आप रकम भेज दो। इसलिए काॅल किया है। ठग ने उनसे वह मोबाइल नंबर पूछ लिया जिस पर वह गूगल पे चलाती हैं। बैंक खाता जान लिया। 16 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कही।
युवती के मोबाइल पर मैसेज आने लगे। हालांकि रकम नहीं आई। ठग ने पहले 10 हजार, बाद में 6 हजार भेजने की बात कही। गलती से 6 हजार रुपये की जगह 60 हजार रुपये आने के बारे में कहा। तीन यूपीआई खातों में 54 हजार रुपये वापस ले लिए। इसके बाद कहा कि उन्हें अपने परिचितों को रकम देनी है। आप रकम दे दो। वो आपको ऑनलाइन भेज देंगे। इस पर युवती तैयार हो गईं। उनसे 46 हजार रुपये और ले लिए। बाद में खाते में रकम नहीं आने का पता चलने पर युवती ने पिता को बताया। उन्होंने साइबर ठगी होने पर एक घंटे के अंदर ही साइबर सेल में शिकायत की।
कहां से मिला नंबर
पीड़ित परिवार इस बात से परेशान है कि साइबर ठग को उनकी बेटी का नंबर कैसे मिला। उसने परिचित बनकर बात की। जिस समय युवती ठगी का शिकार हुई, उस समय उनके पिता भी पास बैठे हुए थे। आरोपी ने फोन नहीं कटने दिया। लगातार 20 मिनट तक बात करता रहा। मैसेज भी ठीक से नहीं देख पा रही थीं। इस दौरान युवती को पिता से बात करने का मौका नहीं दिया।
जीजा, मामा, दोस्त बनकर काॅल करने वालों से रहें सावधान
साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह ने बताया कि साइबर ठग जीजा, मामा, दोस्त बनकर काॅल करते हैं। ऑनलाइन रकम खाते में भेजने की बात कहते हैं। लोग आवाज नहीं पहचान पाते हैं। रकम आने की बात होने की वजह से हां कर देते हैं। ठग एक फर्जी मैसेज भेजते हैं। कई बार ऑनलाइन भुगतान के लिए रिक्वेस्ट मनी के मैसेज आते हैं। लेकिन, लोग जल्दबाजी में रकम ट्रांसफर कर देते हैं। अगर, कोई अंजान व्यक्ति काॅल करके रकम भेजने की बात करता है तो समझ जाएं कि ठगी होने वाली है। इसलिए फोन काट देना चाहिए। किसी तरह का भुगतान नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी होने पर पुलिस से शिकायत करें। 1930 पर काॅल करना चाहिए।