साइबर अपराधी ने बैंक अधिकारी बनकर आगरा के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक को झांसे में ले लिया। बैंक का बंद खाता चालू करने के बहाने मोबाइल पर एक एप डाउनलोड कराकर खाते की जानकारी ले ली। ओटीपी भी देख लिया। इसके बाद उनके खाते से 12 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने रेंज साइबर सेल में शिकायत की है।
सदर स्थित पुष्पांजलि क्लाउड्स निवासी डॉ. आसाराम हुब्बलाल इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका एक बैंक खाता चालू है, जबकि दूसरा बंद हो गया है। शुक्रवार को उनको किसी अंजान व्यक्ति ने कॉल किया था। उसने खुद को बैंक अधिकारी बताया। कहा कि आपका बैंक खाता बंद हो गया है। वह चालू हो सकता है। इसके लिए कुछ जानकारी देनी होगी। इसके बाद खाता चालू हो जाएगा। कहीं जाने की भी जरूरत नहीं है।
डॉ. आसाराम तैयार हो गए। इस पर कॉल करने वाले ने मोबाइल में प्ले स्टोर से एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा। एप को डाउनलोड करते ही एक अन्य खाते की जानकारी मांगी। कहा कि एक अन्य खाता गारंटी के तौर पर लिया जा रहा है। इसे बताने की जरूरत नहीं है। बस खाते की संख्या, एटीएम कार्ड का नंबर, सीवीवी नंबर और पिन अपनी बैंक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर सेंड करना है।