त्योहारी सीजन में फर्जी वेबसाइट बनाकर स्पेशल और फेस्टिवल ट्रेनों में टिकट की बुकिंग की जा रही है और टिकट कंफर्म कराने का दावा किया जा रहा है, जबकि आईआरसीटीसी के अलावा किसी भी वेबसाइट पर रेलवे की टिकट बुकिंग की अनुमति नहीं है। आगरा और मथुरा में ऐसे मामले सामने आए हैं। इसके बाद आरपीएफ ने ऐसी साइटों की निगरानी शुरू कर दी है।
आशंका है कि टिकट पुख्ता कराने का झांसा देकर ठगी हो सकती है। पुलिस ने बताया कि रेड बुल, रीयल टाइम जैसी कई वेबसाइटों पर रेलवे के टिकट को बुक किया जा रहा है। रेलवे द्वारा केवल आईआरसीटीसी को ही अधिकृत किया गया है।
आगरा रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट प्रकाश कुमार पंडा ने बताया कि त्योहार पर फर्जी वेबसाइटों के साथ ही टिकट बुकिंग एजेंट पर भी निगाह रखी जा रही है। मथुरा में फर्जी आईडी से टिकट की कालाबाजारी करने वाले दो लोगों को पकड़ा भी गया है। इसके अलावा सुबह तत्काल कोटे के दौरान दलालों पर अंकुश लगाने के लिए आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, मथुरा जंक्शन समेत सभी बड़े स्टेशनों की बुकिंग खिड़कियों पर आरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।