साइबर अपराधियों ने पंजाबी बाग, दयालबाग निवासी अधिवक्ता बलवीर सिंह की फेसबुक आईडी हैक कर ली। अधिवक्ता के बेटे के इलाज के लिए रुपयों की जरूरत होने का मैसेज भेजकर उनके भांजे से दस हजार रुपये जमा करा लिए। अन्य परिचितों को भी मैसेज भेजे। शक होने पर उन्होंने अधिवक्ता को फोन किया। आईडी हैक होने की जानकारी पर पुलिस से शिकायत की है। जांच साइबर सेल को भेजी है।
बलवीर सिंह की फेसबुक आईडी काफी समय पहले बनाई गई थी। वह फेसबुक पर कम ही मैसेज करते हैं। कुछ दिन पहले उनके रिश्तेदार के पास मैसेंजर के माध्यम से मैसेज आए। इसमें बलवीर सिंह के बेटे को बीमार बताते हुए रुपयों की मांग की गई। 100 परिचित और रिश्तेदारों को मैसेज भेजे गए।
दक्षिण अफ्रीका में रह रहे रिश्तेदारों से भी मदद मांगी गई। उनके नोएडा निवासी भांजे तेजवीर सिंह ने दो बार में एक खाते में पांच-पांच हजार रुपये जमा करा दिए। कई लोगों से पांच और तीन हजार रुपये भी मांगे गए थे। कम रकम मांगे जाने से परिचितों को शक हुआ तो फोन करके जानकारी ली और आईडी हैक होने का पता चला।