भोगांव। सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो और पोस्ट डालकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को साइबर सेल की टीम ने नाकाम कर दिया। टीम ने थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ भोगांव ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।
थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उस पर अश्लील फोटो और पोस्ट डाले गए थे। इस मामले में सीओ भोगांव अमर बहादुर से शिकायत की गई थी। सीओ ने मामले की जांच साइबर सेल प्रभारी विक्रम सिंह को सौंपी। साइबर सेल प्रभारी ने टीम के एक्सपर्ट जोगेेंद्र सिंह, विजय कुमार, सरयू कुमार, महिपाल के साथ जांच शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह को आरोपी के बारे में अवगत कराया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी सजर हुसैन निवासी भोगांव को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ पर उसने फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो और पोस्ट डालने की बात कबूल की। बृहस्पतिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
---
एक युवती को करना चाहता था बदनाम
आरोपी सजर हुसैन ने बताया कि वह एक युवती को बदनाम करना चाहता था। इसके साथ ही वह कुछ विरोधी लोगों को सबक सिखाना चाहता था। उसे कोई पकड़ नहीं सके, इसके लिए उसने फर्जी सिम का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने सजर हुसैन का मोबाइल भी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
---