बिछवां। गांव फर्दपुर में रविवार सुबह खेत पर पानी लगाते समय किसान जर्जर हाईटेंशन लाइन में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी पर परिजन किसान को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव फर्दपुर निवासी आकाश (28) पुत्र चंद्रपाल जाटव ने गांव के ही सुनील कुमार का खेत बटाई पर लिया था। रविवार सुबह वह खेत पर पानी लगाने गया था। खेत पर हाईटेंशन लाइन के तार झूल रहे हैं। खेत पर पानी लगाते समय आकाश करंट प्रवाहित हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
निकट के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन आकाश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने किसान को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों व ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन जर्जर हो चुकी है और तार खेतों से होकर गुजर रहे हैं। इसके चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।