उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मंगलवार की दोपहर घर में अकेली पाकर पांच वर्षीय मासूम को दरिंदे अपना शिकार बनाया। गांव के ही रहने वाले आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मासूम को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकला। बच्ची की हालत देख मां के होश उड़ गए। बच्ची को उपचार के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया। एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी की उम्र 35 साल है।
घटना दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी व्यक्ति मंगलवार को पत्नी के साथ खेत पर धान की रोपाई के लिए गए थे। घर पर उनकी पांच साल की पुत्री थी। दोपहर के समय गांव का रहने वाला आरोपी घर में घुस गया और मासूम के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची चीखती रही लेकिन आसपास कोई न होने के चलते मदद नहीं मिल सकी।
इस बीच जब बच्ची की मां घर पहुंची तो आरोपी घर से बाहर निकल रहा था। पीड़िता की मां को देख आरोपी वहां से भाग गया। मां ने अंदर जाकर देखा तो कमरे में पुत्री लहूलुहान हालत में पड़ी थी। चीख पुकार सुन कर आसपास के लोग एकत्र हो गए। थानाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बच्ची को उपचार के जिला महिला अस्पताल भेजा गया। शाम को एएसपी राहुल मिठास ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता के परिजन से जानकारी जुटाई। एसपी विनोद कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर तीन टीमें गठित की हैं। टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रहीं हैं।
दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रहीं हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - राहुल मिठास, अपर पुलिस अधीक्षक