आगरा। यमुना की तलहटी में सरकारी भूमि पर फसल बोई गई। पुलिस और प्रशासन के आदेश हवा में उड़ गए। रोक बेअसर साबित होने पर मंगलवार को एसडीएम किरावली ने ट्रैक्टर से फसल को नष्ट कराया। दोबारा कब्जा और फसल बुआई करने पर भूमाफिया घोषित करने की चेतावनी भी दी।
रुनकता स्थित जुगसेना और सींगना गांव में करीब 100 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर कब्जा हो चुका है। जहां गांव के कुछ लोग राजनीतिक प्रभाव से सरकारी भूमि पर गेहूं व अन्य फसल करते आ रहे हैं। सरकारी जमीन पर कब्जे का यह मामला 2024 में सामने आया था।
डीएम अरविंद बंगारी ने यहां किसी भी तरह के भूमि पर कब्जे पर रोक लगा रखी है। एसडीएम किरावली नीलम तिवारी ने बताया कि सरकारी भूमि की पैमाइश कराई जा चुकी है। मुड्ढियां लगवाई हैं। गांव में मुनादी कराई है कि कोई भी व्यक्ति सरकारी भूमि पर कब्जे का प्रयास नहीं करे। फिर भी कुछ लोग सरकारी भूमि पर फसल की आड़ में कब्जे का प्रयास कर रहे थे।
ऐसे लोगों के विरुद्ध तहसील स्तरीय एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स बैठक में कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। भूमाफिया घोषित किया जाएगा। पिछले दिनों यहां प्रशासन ने 16 हेक्टेयर निजी भूमि को चिह्नित किया था। जिस पर कोई रोक नहीं है। बाकी सरकारी भूमि है। जिस पर किसी तरह की कोई फसल या कब्जा नहीं हो सकता। पिछले साल यह मामला विधानसभा में भी उठा था।