सदर के छोटा उखर्रा गांव के युवक हरिओम सिंह राजपूत का अपहरण कर लिया गया। चश्मदीद महिला ने बताया कि उसे कुछ लोग कार में डालकर ले गए। उसके परिवारवालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। शक एटा की एक महिला पर जाहिर किया है। उसके साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन कुछ दिन पहले उसकी शादी हो गई। हरिओम की बरामदगी के लिए काफी संख्या में लोगों ने एसएसपी आवास पर प्रदर्शन किया।
इन्होंने बताया कि हरिओम नौ अक्तूबर की रात 11:30 बजे घर आ रहा था। रास्ते में एसआर डिग्री कालेज के पास उसे कार सवार लोगों ने घेर लिया। उसे जबरन कार में बैठा लिया और ले गए। तब से उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। उसकी बाइक पास में ही खड़ी मिली। उसका कुछ समय पहले एटा की एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। इसमें उसने महिला के नाम एक मकान भी करवा दिया था। इसकेबाद महिला की कहीं और शादी हो गई। हरिओम ने उस पर मकान वापस करने के लिए दबाव बनाया। इसी के चलते माना जा रहा है कि महिला ने ही उसका अपहरण कराया है। उसकी हत्या की आशंका भी जाहिर की गई है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर प्रदर्शनकारी लौट गए। इस मामले में थाना सदर में अपहरण का केस दर्ज कराया गया है।