दिल्ली से हलवाई का काम करके घर लौट रहे युवक को बस में सवार युवती ने नशीला बिस्कुट खिलाकर दस हजार रुपए पार कर दिए। रोडवेज बस स्टैंड पर बेहोशी की हालत में युवक को देखकर राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
फिरोजाबाद थाना एका के बीगना गांव निवासी वीटू पुत्र सुरेश दिल्ली में हलवाई का काम करता है। वह दिल्ली से रोडवेज बस से घर लौट रहा था। बस में उसकी मुलाकात एक लड़की से हुई। लड़की ने उससे मीठी-मीठी बातें कर दोस्ती बढ़ाई और फिर उसे अपने पास से बिस्कुट खाने के लिए दिया।
बिस्कुट खाने के कुछ देर के बाद ही वीटू अचेत हो गया। फिर युवती उसके दस हजार रुपए और मोबाइल फोन लेकर चंपत हो गई। रोडवेज बस में बेहोशी की हालत में पड़े युवक को चालक और परिचालक रोडवेज बस स्टैंड पर छोड़कर चले गए।