मथुरा में कोसीकलां के मोहल्ला तांगड़ा में पति-पत्नी के बीच हुए गृह क्लेश ने भीषण रूप ले लिया। आक्रोशित पति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी की कनपटी पर पांच गोलियां मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताए अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे मोहल्ला तांगड़ा निवासी लोकेश उर्फ कूकू का उसकी पत्नी सुमन (30) के साथ विवाद हो गया। इंस्पेक्टर उदयवीर मलिक ने बताया कि दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि नौहबत मारपीट के बाद यहां तक आ पहुंची। लोकेश के पास अपनी पिस्टल थी।
विवाद बढ़ा तो लोकेश ने अपनी पिस्टल निकालकर पत्नी की कनपटी में एक के बाद एक पांच गोलियां चला दीं। जिसके बाद वह छत पर चढ़कर भाग निकला। घटना के समय घर में पति-पत्नी ही मौजूद थे। उनके बच्चे चाचा के घर पर थे।