कासगंज के गांव नगला सहजन में शुक्रवार की सुबह एक विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मकान के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। गले में साड़ी का फंदा बंधा था और पास में ही चाकू पड़ा था। परिजन दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि अभी उन्होंने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हाथरस के लक्ष्मीनगर निवासी पन्ना लाल की पुत्री रेखा (25) की शादी कासगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला सहजन के रहने वाले बबलू से हुई थी। बताया जाता है कि पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। कुछ दिनों पूर्व रेखा अपने मायके हाथरस चली गई थी। होली के चार दिन पहले बबूल उसे वहां से लेकर आया था।
मृतका के मायके वालों ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें रेखा की मौत की सूचना मिली। वे लोग नगला सहजन आए तो रेखा का शव चारपाई पर मिला। उसके गले में साड़ी का फंदा बंधा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायकापक्ष के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। इस पर पुलिस जांच कर रही है।