खंदारी पर दबोचे गए तीन बदमाश शातिर लुटेरे निकले। तीनों बदमाश छह माह से शहर में पर्स, चेन और मोबाइल लूट कर रहे थे। बदमाशों की निशानदेही पर लूटे गए 19 मोबाइल, सोने की चेन और बाइक बरामद की गई है। लुटेरे बाइक की नंबर प्लेट भी बदल देते थे। पुलिस ने रविवार को उन्हें जेल भेजा।
बता दें, खंदारी चौराहे पर दो दिन पहले महिला का पर्स छीनकर भाग रहे तीन बदमाशों को पब्लिक ने दबोच लिया था। जमकर पिटाई करने के बाद उन्हें थाना हरीपर्वत पुलिस को सौंपा था। एसओ ने बताया कि बदमाशों में काला महल छत्ता निवासी राजा, मोहनपुरा ईदगाह निवासी हेमंत और दीपक शामिल हैं। दीपक के पिता छीपीटोला में फल की ठेल लगाते हैं। यहां उसकी मुलाकात राजा से हुई थी। दीपक की पल्सर बाइक से तीनों लूट करते थे। उनके निशाने पर रिक्शा सवार महिलाएं और लड़कियां होती हैं। पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि वे सुनसान सड़कों को चिह्नित करके वारदात करते हैं। उन्होंने कई घटनाएं कोठी मीना बाजार रोड, केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड, यूनिवर्सिटी रोड, जेल रोड पर की हैं। एसओ ने बताया कि लुटेरों बाइक की नंबर प्लेट भी बदलते रहते हैं। शहर में तीन दर्जन से ज्यादा लूट कर चुके हैं। कई मामलों में मुकदमे ही दर्ज नहीं हैं। वे ज्यादातर महंगे मोबाइल लूटते थे। उन्होंने बताया कि मोबाइल लूट की रिपोर्ट दर्ज नहीं होती है। इसका फायदा उठाते हैं। मोबाइल की अच्छी कीमत भी मिल जाती है। पुलिस ने लुटेरों से बाइक, 19 मोबाइल, चेन बरामद की है।