मथुरा जिले में 27 नवंबर को बलदेव क्षेत्र के गांव सेहत के पास बुर्जी में मिले शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने फिलहाल प्रेमिका समेत तीन को पकड़ा है। युवक की शिनाख्त हाथरस से लापता लवकेश के रूप में हुई है।
पुलिस की मानें तो ब्लैकमेलिंग से तंग आकर प्रेमिका ने अपने फौजी पति और उसके दो दोस्तों के साथ अपने घर पर दुपट्टे से युवक का गला घोंटा था। इसके बाद शव को बोरे में बंद कर गांव सेहत के पास भूसे की बुर्जी में फूंक डाला था। मामले में फौजी फरार है।
हाथरस के गांव सरौंठ निवासी राजवीर का बेटा लवकेश 26 नवंबर को लापता हो गया था। उसकी गुमशुदगी पिता ने थाना सादाबाद में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 27 नवंबर को बलदेव के गांव सेहत के पास भूसे की बुर्जी में मिले शव की शिनाख्त लवकेश के रूप में हुई है।