आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में सिपाही की हत्या के बाद ये तो साफ है कि क्राइम की मंडी बनते जा रहे आगरा जिले में बदमाशों को पुलिस का बिल्कुल भी खौफ नहीं है। तभी तो बदमाश अब पुलिसवालों की जान लेने से भी नहीं हिचक रहे हैं। टेड़ी बगिया तो पुलिस के लिए ऐसा चैलेंजिंग प्वाइंट हो गया कि यहां अब तक तीन सिपाही बदमाशों की गोली का शिकार बन चुके हैं। इनमें से सतीश की मौत हो गई।
बताया गया है कि थाना एत्माद्दौला के टेड़ी बगिया में जहां सिपाही सतीश यादव को गोली मारी गई, उसके 100 मीटर के दायरे में साल भर के भीतर सिपाही को गोली मारे जाने की यह तीसरी घटना है।
सबसे पहले यहां मुठभेड़ में ही थाना एत्माद्दौला के सिपाही हिमांशु चौहान को गोली मारी गई थी। इस सिपाही की काफी इलाज के बाद मुश्किल से जान बच सकी। कई महीनों तक वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती रहे।
इसके बाद दूसरा मामला और सामने आया जिसमें थाना हरीपर्वत के सिपाही प्रदीप यादव को बदमाशों ने गोली मार दी। प्रदीप को भी डाक्टरों ने बचा लिया लेकिन काफी ऑपरेशन के बाद भी उनकी आंतें निकालनी पड़ी थीं।
अब यह सतीश यादव और कुलदीप पर हमले की तीसरी घटना है जिसमें बदमाशों ने एक बार फिर दुस्साहस करते हुए सतीश को गोली मार दी। इसके बाद बदमाशा आराम से पैदल ही भाग भी गए।