सीजेएम ओमप्रकाश ने कोर्ट में विचाराधीन केस का फैसला नामजद अभियुक्त के पक्ष में कराने के नाम पर दस लाख रुपये मांगने के आरोपी जितेंद्र वर्मा के खिलाफ थाना न्यू आगरा में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
किरावली, स्टेशन रोड निवासी मिताली पोद्दार ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसके पति दीपक पोद्दार के खिलाफ कोर्ट में धोखाधड़ी का मुकदमा विचाराधीन है, जिसके वादी एसीएमओ डा. रामबाबू गौतम हैं। आरोप है कि जितेंद्र वर्मा अपने को डा. गौतम द्वारा नियुक्त मुकदमे का पैरोकार बताकर धमकाता है। वह न तो उक्त केस में गवाह है और न ही शिकायतकर्ता है। जितेंद्र वर्मा पीड़िता से 50 हजार रुपये ले चुका है और अब दस लाख रुपये मांग रहा है। इस पर कोर्ट ने जितेंद्र के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।