शादी कराने वाले मथुरा के बिचौलियो की तलाश में दबिश
- फोटो : file photo
आवास विकास के सेक्टर चार में सोमवार रात साफ्टवेयर इंजीनियर निर्मल सिंह की सुहाग सेज पर हत्या करने के बाद लाखों के जेवरात लेकर फरार हुई उनकी दुल्हन तारा इसी तरह कई लोगों को शिकार बना चुकी है। पुलिस को इसकी जानकारी मिली है। इसके बाद उसकी तलाश तेज की गई है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अखबारों में छपा उसका फोटो देखकर कई लोगों ने जगदीशपुरा थाना पुलिस को फोन किए हैं। इन्होंने बताया है कि यह महिला (तारा) उनके रिश्तेदारों को इसी तरह शिकार बना चुकी है। एक फोन खेरागढ़ से आया है। इसके अलावा मथुरा से भी सूचना मिली है। यहां इसने पति और ससुरालियों को बेहोश करके लूटा था। यह जानकारी भी आई है कि इसी तरह की कई घटनाएं मेरठ जोन के मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में हो चुकी हैं। इसके चलते पुलिस ने वहां की पुलिस से भी संपर्क किया है। बता दें, बिचौलिए ने निर्मल सिंह के परिवार को बताया था कि तारा रुद्रपुर की रहने वाली है। इस पर जगदीशपुरा थाना की एक टीम रुद्रपुर भेजी गई। वहां की पुलिस ने उसके बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार किया है। इसके बाद गुरुवार को एक टीम मथुरा केलिए रवाना की गई। मथुरा के ही बिचौलिए ने निर्मल सिंह की शादी करवाई थी। लेकिन अभी तक तारा का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मोबाइल फोन आफ
निर्मल सिंह की हत्या के बाद तारा उनका मोबाइल फोन भी लूट ले गई थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना के बाद से ही आफ आ रहा है।
दलालों से मांगी जानकारी
पुलिस ने रुद्रपुर पहुंचकर उन दलालों से भी संपर्क किया है जो पैसे लेकर इस तरह शादी कराते हैं। इनसे तारा के बारे में जानकारी की जा रही है।
वर्जन
- हत्यारोपी महिला की तलाश में एक टीम रुद्रपुर और एक मथुरा भेजी गई है। अभी कोई सटीक सुराग नहीं मिला है लेकिन जल्द ही लाइन मिलने की उम्मीद है - सुशील घुले ( एसपी सिटी )