आगरा में थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित चर्च में शनिवार को तंजानिया के युवक ने बवाल काट दिया। आरोपी ने माता मरियम की मूर्ति को पत्थर मारकर तोड़ने का प्रयास भी किया। चर्च में मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय रोड्रिक अमन मूलरूप से तंजानिया की राजधानी डोडोमा का रहने वाला है। वह पांच साल से आगरा में रहकर पढ़ाई कर रहा है। फिलहाल वह बरहन स्थित देव एजूकेशन कालेज में एमकाम का छात्र है और आवास विकास कालोनी के सेक्टर पांच में साथियों के साथ किराए पर रहता है।
बताया गया है कि शनिवार शाम को करीब पांच बजे वह बाइक से गिरजाघर पहुंचा था। उसने पहले पत्थर उठाकर माता मरियम की मूर्ति पर मार दिया। इससे मूर्ति के आगे लगा शीशा टूट गया। इसके बाद एक बैग से बोतल निकालकर मूर्ति और दान पेटिका पर पेट्रोल छिड़क दिया। शीशे के टूटने की आवाज सुनकर आसपास खड़े रिक्शे वाले आ गए। उन्होंने उसे पकड़ लिया।
रोड्रिक ने जलती हुई मोमबत्ती भी मूर्ति के पास फेंक दी। हालांकि लोगों ने उसे बुझा दिया। सूचना पर चौकीदार राजू भी आ गया। रोड्रिक की जमकर पिटाई लगाई। सूचना पर थाना हरीपर्वत की पुलिस पहुंच गई। उसे थाने ले जाया गया।
फादर जोसफ ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने धारा 295 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ हरीपर्वत एएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि छात्र के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। दूतावास को भी सूचना दी जा रही है।