फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताजगंज थाने के सामने दो समुदायों में टकराव

Tue, 21 Feb 2017 05:51 PM IST
ताजगंज थाने के सामने दो समुदायों में टकराव
विज्ञापन
ताजगंज थाने के सामने दो समुदायों में टकराव - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
ताजगंज के छोटा बाजार चौक में रविवार सुबह करीब 10 बजे दो समुदायों के बीच टकराव हो गया। एक ओर से लोग छुरियां और तलवारें लेकर निकल आए तो दूसरी तरफ  से भी लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए थे। टकराव में तीन लोगों को चोट आई है। पुलिस के पहुंचने के बाद भी दोनों तरफ से नारे लगते रहे। बाद में पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को खदेड़ा। घटना से अफरातफरी मच गई और पर्यटक  खौफ में आ गए। तीन घंटे बाजार बंद रहे। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। एहतियातन पूरे इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है। तनाव बना हुआ है। 
विज्ञापन

विवाद कटरा रेशम से शुरू हुआ। यहां का निवासी कल्लू अपनी बहन की शादी के लिए रिक्शा में सामान लेकर आ रहा था। दूसरी ओर से ताजगंज का निवासी क्षेत्र बजाजा कमेटी का सदस्य गिरीश चंद शर्मा आ रहा था। गली संकरी है तो गिरीश ने कल्लू से रिक्शा पीछे करने के लिए कहा। इसी पर कहासुनी हुई। गिरीश का आरोप है कि कल्लू ने उसे थप्पड़ मार दिया। उसकी तरफ से काफी लोग आ गए।
उधर से गुजर रहे ताजगंज के ही भूरा उर्फ बंगाली को भी पीटा गया। कल्लू पक्ष के लोग छुरे और सरिए लेकर छोटा बाजार चौक पर आ गए।  इसका पता चलने पर कटरा फुलेल, कटरा जोगीदास और कटरा उमर खां से दोनों लोग पहुंच गए। दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले। करीब 20 मिनट में पुलिस पहुंच तो गई लेकिन टकराव नहीं थमा।
विज्ञापन

इसके 25 मिनट के बाद तक दोनों ओर के लोग नारेबाजी करते रहे। वहां पहुंचे ताजगंज के राजीव और गगन को भी पीटा गया। थोड़ी देर बाद इंस्पेक्टर ताजगंज के पहुंचने पर पुलिस ने लाठी फटकारी। तब जाकर दोनों पक्ष के लोग भागे। मौके से कल्लू को हिरासत में लिया गया। उधर, बवाल के चलते पर्यटकों में भगदड़ मच गया। जिस जगह घटना हुई वह ताजमहल जाने का रास्ता है। छोटा बाजार चौक की दुकानें बंद हो गईं।
पास में ही जैन मंदिर है। यहां पूजा कर रही महिलाएं सहम गईं। उन्होंने पुलिस को फोन किया। थोड़ी देर में ही सीओ सदर असीम चौधरी पहुंच गए। पूरे इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई। दोपहर एक बजे बाजार फिर से खुले। सीओ असीम चौधरी ने बताया कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग की मदद से बलवाइयों की पहचान की जा रही है। 

तीन घंटे तक अटकीं रहीं पर्यटकों की सांसें
आगरा। ताजगंज में थाने के सामने हुए सांप्रदायिक टकराव से हजारों पर्यटकों की सांसें तीन घंटे तक अटकीं रहीं। सुबह 10 बजे से दोपहर एक  बजे तक यहां बाजार बंद रहे। पुलिस ही पुलिस नजर आ रही थी। इसकेचलते पर्यटक इस रास्ते से होकर नहीं गुजरे। दूर खड़े मालूम करते रहे कि क्या हो गया है जो इतनी पुलिस है?
ताजगंज से ताजमहल के दोनों गेट पूर्वी और पश्चिमी के रास्ते जाते हैं। पूर्वी गेट जाने वाले ज्यादातर पर्यटक तो यहीं से ही गुजरते हैं। रविवार को पर्यटकों की काफी भीड़ रहती है। सुबह 10 बजे जैसे ही टकराव शुरू हुआ, कई पर्यटक भी फंस गए थे। जैसे-तैसे वहां से भागकर निकले। इसके बाद करीब पौन घंटा हंगामा चला। तीन घंटे बाजार बंद रहा। इस दौरान ताजमहल जा रहे पर्यटकों ने इस रास्ते से परहेज रखा।
इधर से होकर ऑटो भी नहीं गुजरे। थाना के सामने ही पुलिस की छह गाड़ियां खड़ी थीं। थोड़ी ही दूरी पर पर्यटकों की बसें खड़ी रहीं। वे लोग माहौल सामान्य होने का इंतजार करते रहे। दोपहर को एक बजे बाजार खुला। तब पर्यटकों का आना जाना इस रास्ते से शुरू हुआ।
उधर, रविवार को तीन घंटे बाजार बंद रहने से दुकानदारों को भी नुकसान हुआ। यहां छोटी-छोटी गलियों में हैंडीक्राफ्ट का सामान मिलता है। काफी पर्यटक इन्हें खरीदने के लिए आते हैं।

दो साल पहले भी हुआ था बवाल
इसी इलाके में दो साल पहले भी बवाल हुआ था। तब फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बारे में किसी ने अपशब्द बोल दिए थे। इसका कुछ लोगों ने विरोध किया था। इस पर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए थे। पुलिस तैनात करनी पड़ी थी।
वोटर लिस्ट से ढूंढे जा रहे बलवाई
पुलिस बलवाइयों तक पहुंचने के लिए तीन काम कर रही है। एक तो सीसीटीवी फुटेज निकलवा रही है। दूसरा हिरासत में लिए गए कल्लू और पिटाई से घायल गिरीश से पूछताछ की है। तीसरा वोटर लिस्ट से देखा जा रहा है कि छोटा बाजार चौक के निकट किस किस के मकान हैं। माना जा रहा है कि बलवाई इन्हीं में से हो सकते हैं।

संवेदनशील इलाकों में दर्ज है कटरा रेशम
कटरा रेशम, कटरा फुलेल, कटरा जोगीदास में मिश्रित आबादी है। एक समुदाय के 1100 वोट हैं। दूसरे के 400 वोट। झगड़ा होते ही पांच मिनट में दोनों ओर के लोग पहुंच गए। पुलिस के रिकार्ड में भी यह क्षेत्र संवेदनशील इलाकों में शामिल हैं।

मिनट दर मिनट 
10:00 बजे - दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया।
10:20 बजे - एक जीप में ड्राइवर-होमगार्ड पहुंचे।
10:25 बजे - चौकी इंचार्ज आए, झगड़ा चलता रहा।
10:30 बजे - इंस्पेक्टर आए, पुलिस ने लाठी फटकारी।
10:50 बजे - सीओ सदर पहुंचे, पुलिस तैनात की गई।
01:00 बजे - तीन घंटे बंद रहीं दुकानें खुल गईं।

ताजगंज में कहासुनी के बाद दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाल ली। हालात एकदम सामान्य हैं। झगड़े में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

 - असीम चौधरी ( सीओ सदर )
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें